पटना : सांस्कृतिक संस्था ‘नई दिशा परिवार’ के तत्वावधान में महेंद्रू स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में पीएमसीएच के न्यूरो सर्जरी विभाग के प्राध्यापक प्रो. डॉ. कुमार अभिनव को ‘बिहार गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। मौके पर सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद और साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ मौजूद रहे।इस अवसर पर मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि भारत अपनी महान ज्ञान-परंपरा और आध्यात्मिक चिंतन के कारण विश्वगुरु रहा है। विश्वविद्यालय की अवधारणा भी भारत की देन है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण कर उन्हें समाज का मूल्यवान नागरिक बनाते हैं। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान भारतीय संस्कृति और महान परंपरा का सम्मान है।सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. डॉ. कुमार अभिनव ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों का नहीं, बल्कि चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करने वाले सभी चिकित्सकों एवं शिक्षकों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और चिकित्सक दोनों की जिम्मेदारी समाज के प्रति होती है। एक शिक्षक ज्ञान और संस्कार देकर बेहतर नागरिक तैयार करता है, वहीं चिकित्सक अपने ज्ञान और सेवा से लोगों का जीवन बचाने का प्रयास करता है। उन्होंने सम्मान के लिए ‘नई दिशा परिवार’ के प्रति आभार जताया।डॉ अभिनव को अवार्ड मिलने के बाद चिकित्सा जगत में खुशी की लहर को पीएमसीमच सहित प्रदेश भर के चिकित्सा को के द्वारा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं।