डा अशोक कुमार ‘ज्योति’ केंद्र में बने हिन्दी सलाहकार समिति के सदस्य

पटना  : बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन की स्थायी समिति के सदस्य डा अशोक कुमार ज्योति को भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की हिन्दी-सलाहकार-समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। दरभंगा ज़िले के ढाँगा ग्राम निवासी डा ज्योति संप्रति काशी हिंदू विश्वविद्यालय, बनारस में हिन्दी विभाग में प्राध्यापक हैं। ३८ सदस्यीय इस समिति के अध्यक्ष जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल तथा उपाध्यक्ष राज्यमंत्री वी सोमन्ना तथा राजभूषण चौधरी हैं। शेष सदस्यों में लोकसभा एवं राज्य सभा के दो-दो सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारीगण सम्मिलित हैं।
डा ज्योति विगत तीन दशकों से हिन्दी भाषा और साहित्य की सेवा में संलग्न हैं। उनकी लिखित, संपादित और अनूदित २२ पुस्तकें हिन्दी को समृद्ध कर रही हैं। फ़िजी में आहूत हुए १२ वें विश्व हिन्दी सम्मेलन सहित मौरिशस, मलेशिया, सिंगापुर और नेपाल में सरकारी परतिनिधि मण्डल के रूप में यात्राएँ कर आपने हिन्दी के विश्विक-प्रचार में भी योगदान किया है। बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन से छात्र-जीवन से ही जुड़े हुए थे तथा एक समर्पित कार्यकर्ता की तरह सम्मेलन की सेवा की। वे लम्बे समय से सुलभ साहित्य अकादमी, दिल्ली से भी उसके उपाध्यक्ष के रूप में जुड़े हुए थे।
बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी है। बधाई देने वालों में बिहार लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रो अरुण कुमार भगत, डा शंकर प्रसाद, प्रो राजेंद्र गुप्ता, प्रो अनीता, पूर्व विधायक डा इज़हार अहमद, प्रो रचना सुचिन्मयी, प्रो शिव कुमार यादव, डा शिप्रा शर्मा, डा प्रिया, डा अरुण कुमार, कुमार अनुपम, डा पूनम आनन्द, डा पुष्पा जमुआर, विभारानी श्रीवास्तव, कृष्ण रंजन सिंह, ईं बाँके बिहारी साव, प्रवीर कुमार पंकज, इंदुभूषण सहाय आदि के नाम सम्मिलित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *