“द इंडियन लेनिन – बाबू जगदेव” का भव्य उद्घाटन एवं देशव्यापी प्रीमियर शो सफलतापूर्वक  संपन्न : राजेश कुशवाहा 

पटना,  :  सामाजिक न्याय, समानता एवं स्वाभिमान के महानायक अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद जी के संघर्षमय जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म “द इंडियन लेनिन – बाबू जगदेव” का आज देश के विभिन्न प्रमुख सिनेमाघरों में भव्य उद्घाटन एवं प्रीमियर शो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आशय की जानकारी देते हुए सम्राट अशोक विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय लोक चेतना पार्टी के राष्ट्रीय सचिव-सह-मीडिया प्रभारी राजेश कुशवाहा ने बताया कि आज पटना स्थित वीणा सिनेमा हॉल में प्रीमियर शो का लोकार्पण बिहार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के कर कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। इस मौके पर गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं स्वर्गीय जगदेव प्रसाद के पुत्र नागमणि, फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी तथा अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद जी के परिवार के सदस्यों द्वारा किया गया।फिल्म के प्रदर्शन को लेकर राजेश कुशवाहा ने बताया कि आज दर्शकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों में भारी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न शहरों में आयोजित प्रीमियर शो में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद जी के विचारों एवं संघर्ष को श्रद्धापूर्वक याद किया।उन्होंने आगे बताया कि यह फिल्म बाबू जगदेव प्रसाद जी के त्याग, बलिदान, संघर्ष एवं सामाजिक परिवर्तन की विचारधारा को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म समाज के शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई और सामाजिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *