ममता बनर्जी की तानाशाही नीतियों से त्रस्त होकर टीएमसी में मची भगदड़: मंगल पांडेय 

पटना, (संवाददाता) : पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी श्री मंगल पांडेय ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में मची राजनीतिक उथल-पुथल और दिल्ली में आयोजित विपक्षी ’’इंडिया’’ गठबंधन की बैठक पर तीखा हमला बोला है। श्री पांडेय ने तृणमूल कांग्रेस के कई सांसदों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला को पत्र लिखकर संसद में अलग गुट की व्यवस्था करने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की इच्छा जताने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी  कुशासन की समाप्ति के बाद अब उनकी राजनीतिक पारी का भी अंत अब तय हो चुका है।
श्री पांडेय ने कहा कि ममता बनर्जी की तानाशाही, तुष्टीकरण और विकास विरोधी नीतियों से अब उनकी ही पार्टी के सांसद और विधायक पूरी तरह से ऊब चुके हैं। टीएमसी के सांसदों का लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखना और एनडीए में शामिल होने की इच्छा जताना यह साफ करता है कि उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और देश के विकास मॉडल पर पूरा भरोसा है। यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी टीएमसी के कई बड़े नेता ममता बनर्जी की जनविरोधी नीतियों के कारण पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं और टीएमसी के राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे रहे हैं। ये इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि पार्टी के भीतर असंतोष का ज्वालामुखी फूट चुका है। टीएमसी अब ताश के पत्तों की तरह ढह रही है।
श्री पांडेय ने दल्ली में कांग्रेस की अगुवाई में हुई ’’इंडिया’’ गठबंधन की बैठक पर निशाना साधते हुए  कहा कि यह गठबंधन देश के विकास के लिए नहीं, बल्कि केवल अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए किया जा रहा एक ढोंग है। दिल्ली में जुटने वाले इन नेताओं के पास देश के विकास के लिए न तो कोई विजन है और ना ही कोई नीति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *