सांसद सुरेंद्र यादव की पहल से जहानाबाद पटना – गया रेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण से जहानाबाद के विकास को एक नया आयाम मिलेगा: एजाज अहमद

पटना,  : रेल मंत्रालय की ओर से जहानाबाद सहित पटना – गया रेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए सांसद डॉ.सुरेंद्र प्रसाद यादव की पहल पर 184.2 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रदेश राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने इस सार्थक पहल की तारीफ करते हुए कहा कि इससे जहानाबाद की जनता में काफी खुशी देखी जा रही है।एजाज ने आगे कहा कि जहानाबाद सहित पटना – गया रेलखंड के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी रेलवे के माध्यम से दिलाने में जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव के सतत प्रयास और उनके द्वारा इस संबंध में उठाई गई मांगों के परिणामस्वरूप पूर्व मध्य रेल, दानापुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में क्षेत्र के विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। स्वीकृत परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 184.2 करोड़ रुपये बताई गई है। रेलवे के इन सभी परियोजनाओं की स्वीकृति से जहानाबाद की जनता काफी खुश है और अपने सांसद के इस पहल पर कहा कि इससे जहानाबा की तरक्की और विकास को मजबूती मिलेगी।ज्ञात हो कि 23 जून को आयोजित संसदीय समिति की बैठक में सांसद डॉ0 सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उनके द्वारा प्रस्तुत कई प्रस्तावों पर रेल प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्वीकृति प्रदान की है।बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार जहानाबाद जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चैड़ा आधुनिक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 5.86 करोड़ रुपये होगी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सहूलियत मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या भी निजात मिलेगी।इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जहानाबाद रेलवे स्टेशन का 11.03 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक आधुनिकीकरण एवं अपग्रेडेशन किया जाएगा। स्टेशन परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा तथा यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। स्टेशन और उसके आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही स्टेशन परिसर और मुख्य प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे यात्रियों को रात्रि के समय बेहतर सुविधा मिल सके। पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए स्टेशन परिसर में 50 हजार गैलन क्षमता वाले जल टैंक का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म तक सुगम पहुंच के लिए रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने बैठक में वंदे भारत एक्सप्रेस के जहानाबाद जंक्शन पर ठहराव की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही जहानाबाद से देश की राजधानी नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधे राजधानी तक बेहतर रेल संपर्क मिल सकेगा। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए गया – पटना रेलखंड पर रात्रि 9ः55 बजे के बाद एक अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया गया है। इससे देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 96.35 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इससे रेल संपत्ति की सुरक्षा बढ़ेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी।प्रदेश राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जहानाबाद के सांसद डॉ0 सुरेन्द्र प्रसाद यादव के अथक प्रयास और साहसिक पहल से उनके द्वारा इन रेल परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। इन्होंने इसके लिए रेल मंत्रालय एवं रेल प्रशासन के साथ साथ सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की प्रति आभार व्यक्त किया और ताकि कहां की इससे जहानाबाद विकास के आयाम को नई ऊंचाईयों को छूएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *