पटना : जद (यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए आमजनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से बात कर फरियादियों की समस्याओं के विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधी जी’ एवं प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी सुमित कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्रवण कुमार ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स का यह सफल आयोजन भारत के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगा और इसका दूरगामी लाभ देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग जनता दल (यू) और हमारे नेता को लेकर अनर्गल टिप्पणियां किया करते थे, उन्हें जनता ने 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव में करारा जवाब दिया।
दोनों चुनावों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जद (यू) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। श्री कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि सरकारी खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। वर्तमान एनडीए सरकार इसी सोच के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। सुनील कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। प्रत्येक जिले में प्रभारी मंत्री और वरीय अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं एवं राहत व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने, सामुदायिक रसोई के सुचारु संचालन, पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था, पशुओं के लिए पर्याप्त चारा तथा नाव एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्राथमिकता है कि बाढ़़़़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और उन्हें हरसंभव सहायता समय पर उपलब्ध हो।