पटना, (नवशक्ति) : जद (यू.) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने जारी बयान में कहा कि बिहार सरकार द्वारा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जीविका दीदियों एवं किसानों के उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था तथा उन्हें डिजिटल बाजार से जोड़ने का निर्णय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जीविका अभियान के माध्यम से लाखों ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का ऐतिहासिक काम किया है। आज जीविका दीदियां कृषि, दुग्ध उत्पादन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योगों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। अब डिजिटल बाजार और पर्यटन स्थलों पर बिक्री की नई व्यवस्था उनके उत्पादों को ‘लोकल से ग्लोबल’ की नई उड़ान देगी।उन्होंने कहा किनीतीश कुमार की विकास नीति का केंद्र हमेशा गांव, गरीब, किसान और महिला सशक्तिकरण रहा है। जीविका समूहों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार लगातार काम कर रही है। यह नई पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगी तथा बिहार की महिलाओं और किसानों के परिश्रम को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम बनेगी।