क्रिकेट की अनसुनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने निकले पटना के निशांत दयाल, मिड विकेट स्टोरिज बना वैश्विक मंच

पटना : क्रिकेट सिर्फ मैदान पर बने रन, विकेट और रिकॉर्ड का खेल नहीं है, बल्कि इसके पीछे अनगिनत भावनाएं, दोस्तियां, संघर्ष और ड्रेसिंग रूम की ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जिन तक आम फैंस की पहुंच नहीं हो पाती। इन्हीं अनसुनी कहानियों को दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से पटना के  युवा उद्यमी निशांत दयाल और उनकी सह-संस्थापक जया प्रसाद ने “मिडविकेट स्टोरीज” नामक एक अनोखे वैश्विक क्रिकेट स्टोरीटेलिंग प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। रविवार को मुंबई के आईटीसी मराठा होटल में इसका भव्य आधिकारिक लॉन्च किया गया।
मिडविकेट स्टोरीज ने अब तक सात शहरों, चार देशों और तीन महाद्वीपों में क्रिकेट जगत के 11 दिग्गज खिलाड़ियों के साथ सात विशेष एपिसोड फिल्माए हैं। इनमें एलन बॉर्डर, विव रिचर्ड्स, इयान बॉथम, क्रिस गेल, हरभजन सिंह, ज्योफ्री बॉयकॉट, जहीर खान, नवजोत सिंह सिद्धू, सनथ जयसूर्या और मैथ्यू हेडन जैसे दिग्गज शामिल हैं।
लॉन्च के मौके पर निशांत दयाल ने कहा कि मिडविकेट स्टोरीज केवल एक क्रिकेट शो नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की भावनात्मक विरासत को संजोने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसा मंच बनाना था, जहां दिग्गज खिलाड़ी खुलकर अपने जीवन, दोस्तियों, प्रतिद्वंद्विताओं और उन यादों को साझा कर सकें, जिन्हें दुनिया ने पहले कभी नहीं सुना।
इस पहल की एक खास बात इसका सामाजिक सरोकार भी है। डॉ. दयाल फाउंडेशन ने हर संस्करण के बाद दो बच्चों की हार्ट सर्जरी कराने का संकल्प लिया है। वहीं, सुनील गावस्कर भी अपनी हर्ट टू हर्ट फाउंडेशन के माध्यम से हर वर्ष लगभग 35 बच्चों की हार्ट सर्जरी में सहयोग करते हैं।
लगातार बढ़ती लोकप्रियता के साथ  निशांत दयाल का मिड विकेट स्टोरिज अब क्रिकेट की दुनिया में एक नई पहचान बना रहा है, जहां आंकड़ों से आगे बढ़कर खेल की आत्मा, भावनाओं और इंसानी रिश्तों को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
तीन वर्षों की मेहनत, रिसर्च और दुनियाभर की यात्राओं के बाद तैयार हुए इस मंच को क्रिकेट जगत के दिग्गजों का भी भरपूर समर्थन मिला है। भारत के महान बल्लेबाज और एम डब्ल्यू एस के प्रिंसिपल एडवायजर सुनील गावस्कर  ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब निशांत दयाल उनके पास यह विचार लेकर आए, तभी उन्हें महसूस हो गया था कि यह क्रिकेट की दुनिया में कुछ अलग और खास करने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *