पटना : पटना में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें मंत्री संजय कुमार सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित जल जीवन मिशन 2.0 से संबंधित कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कल नई दिल्ली में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा बिहार सरकार के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया, जिसमें मुझे बिहार सरकार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ। जल जीवन मिशन 2.0 के माध्यम से जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में सतही जल आधारित बहुग्रामीण योजनाओं का विस्तार किया जाएगा, छूटे हुए टोलों एवं बस्तियों तक पाइप जलापूर्ति पहुंचाई जाएगी तथा जल स्रोतों की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्य किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नई गति मिलेगी।इसके साथ ही मंत्री ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल जी से बिहार में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री जी से अनुरोध किया कि बिहार के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन और समग्र विकास के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत ₹18,894 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई जाए।इस राशि के माध्यम से बिहार के उन वंचित टोलों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जा सकेगी, जहां अब तक जलापूर्ति व्यवस्था नहीं पहुंच पाई है। साथ ही आर्सेनिक, फ्लोराइड एवं आयरन प्रभावित क्षेत्रों में सतही जल आधारित योजनाओं के माध्यम से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह पहल बिहारवासियों के बेहतर भविष्य, स्वस्थ जीवन एवं समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। जल जीवन मिशन 2.0 के माध्यम से इस व्यवस्था को और अधिक मजबूत, समावेशी एवं टिकाऊ बनाया जाएगा, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षित पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जल जीवन मिशन 2.0 के सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाएगा और बिहार ग्रामीण पेयजल सेवा प्रदायगी के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा। उक्त अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार, अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव(मुख्यालय) नित्यानन्द प्रसाद एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहें।