“डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार आज भी सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत आधारशिला हैं : उपेंद्र कुशवाहा”

पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा, बिहार प्रदेश के कैंप कार्यालय, पटना में महान समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी एवं सामाजिक न्याय के प्रखर पक्षधर डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया का संपूर्ण जीवन सामाजिक विषमता, जातिगत भेदभाव और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार, सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार भारतीय लोकतंत्र और समाजवादी आंदोलन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि “सामाजिक न्याय तभी सार्थक होगा, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ने का हक मिलेगा। डॉ. लोहिया का विचार हमें याद दिलाता है कि समानता केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प है।” उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी, प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल , दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम , युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन यादव , अंजलि, सिम्मी , सहित पार्टी के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थें ।सभी ने डॉ. लोहिया के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प को मजबूत करने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *