तेजस्वी यादव को अफवाहों और भ्रम की राजनीति छोड़ जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए  : डॉ . संतोष कुमार सुमन 

पटना  :  हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ . संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति केवल अफवाहों, भ्रम और अनर्गल आरोपों के सहारे नहीं चल सकती। लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार होती है, लेकिन विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं बल्कि जनता के हित में रचनात्मक सुझाव देना भी होता है। डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार जनहित के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। बिहार की जनता अब केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को समझ चुकी है। जनता विकास, रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और गरीबों-वंचितों के उत्थान की राजनीति चाहती है, न कि केवल राजनीतिक अफवाहों का माहौल। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना आवश्यक है, लेकिन निराधार आरोपों और राजनीतिक भ्रम के सहारे अपनी जमीन बचाने की कोशिश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इतिहास गवाह है कि अनेक महापुरुषों ने बिना सत्ता की सर्वोच्च कुर्सी पर बैठे भी समाज और देश के लिए ऐसा काम किया कि आज भी उनका सम्मान पूरे देश में किया जाता है। राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जवाबदेही निभाना होना चाहिए।डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता चाहती है। ऐसे में विपक्ष को भी चाहिए कि वह नकारात्मक राजनीति छोड़कर राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाए। लोकतंत्र में मर्यादा, संयम और जिम्मेदारी ही सबसे बड़ी ताकत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *