बांका : जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी, शिव भक्त एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश गुप्ता ने आज पटना स्थित आवास पर बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री एवं बांका जिला के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल जी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर ओमप्रकाश गुप्ता ने मंत्री श्री जायसवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। साथ ही उन्होंने महाकाल गोपेश्वर बमफोड़ महादेव, बांका धाम से सिद्ध किया गया पवित्र पीला गमछा भी सम्मान स्वरूप मंत्री जी को भेंट किया। मुलाकात के दौरान ओमप्रकाश गुप्ता ने बांका जिले के चौमुखी विकास, पर्यटन संवर्धन, ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि बांका क्रांतिकारियों की धरती रही है तथा प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदार पर्वत जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल बांका की पहचान हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विकसित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार में “विकास के साथ न्याय” की सोच को आगे बढ़ाया जा रहा है और बांका के विकास हेतु हरसंभव प्रयास किया जाएगा। ओमप्रकाश गुप्ता ने मंत्री श्री जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बांका जिला आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।