शेखपुरा, : बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार निराला ने शेखपुरा जिला स्थित सर्किट हाउस के सभागार कक्ष में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार में उद्योग लगाने को लेकर बेहद अच्छा और अनुकूल माहौल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के शिल्पकार पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के सपने को साकार करने के लिए बड़े और छोटे सभी स्तर के निवेशकों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने का स्पष्ट आदेश उद्योग विभाग को प्राप्त है। इस सरकारी संकल्प के तहत उद्यमियों को निर्बाध बिजली, कच्चे व पक्के माल के परिवहन के लिए सुदृढ़ यातायात व्यवस्था तथा उत्पादित वस्तुओं के लिए सुलभ बाजार उपलब्ध कराना सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।शेखपुरा में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक की उपस्थिति में आयोजित इस उद्योग वार्ता बैठक में उपाध्यक्ष महोदय ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपस्थित स्थानीय निवेशकों एवं उद्यमियों के साथ उन्होंने सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। इस दौरान उपस्थित निवेशकों द्वारा शेखपुरा जिला अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त बाजार समिति की स्थापना की पुरजोर मांग की गई। इस पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए उपाध्यक्ष महोदय ने आश्वस्त किया कि औद्योगिकक्षेत्र के विकास हेतु कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है और यथाशीघ्र उद्यमियों को यह क्षेत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि जब तक हम सभी मिलकर औद्योगिक प्रसंस्करण, विपणन, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के क्षेत्र में ठोस कार्य नहीं करेंगे, तब तक सरकार के निर्धारित लक्ष्य “हर घर उद्योग, हर घर रोजगार” को हासिल नहीं किया जा सकता। औद्योगिकीकरण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सभी को आपसी समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य करना होगा।बैठक में उपस्थित जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने भी सभी निवेशकों को पूरे उत्साह के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं, ताकि समय रहते समस्या के निवारण हेतु अग्रेत्तर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस सीधे और पारदर्शी संवाद को लेकर शेखपुरा के सभी उद्यमियों एवं निवेशकों में भारी उत्साह देखा गया। निवेशकों ने अपनी बात सीधे सरकार के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करने के लिए उपाध्यक्ष महोदय के प्रति सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में, उपाध्यक्ष महोदय द्वारा बैठक में उपस्थित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, उद्यमियों एवं सम्मानित निवेशकों को धन्यवाद देने के साथ बैठक की कार्यवाही सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त की गई।