भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष  जे.पी. नड्डा ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ की बैठक

पटना :भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया और सांसद संजय जायसवाल भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया।बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक सशक्त संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक सक्रिय संरचना में निहित होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सुदृढ़ करे तथा पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।केंद्रीय मंत्री नड्डा ने विशेष रूप से केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार तथा बिहार सरकार की जनकल्याणकारी, विकासोन्मुख और गरीब कल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे जनता के बीच निरंतर संवाद स्थापित करें और सरकार की उपलब्धियों को तथ्यात्मक एवं सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करें।बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन, संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने तथा भाजपा के विस्तार अभियान को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी ऊर्जा, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *