विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता : प्रबंध निदेशक, एनबीपीडीसीएल

पटना / दरभंगा: अम्बेडकर सभागार, समाहरणालय, दरभंगा में आज विद्युत आपूर्ति अंचल, दरभंगा एवं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधीन चल रही परियोजना कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राहुल कुमार (भा.प्र.से.) प्रबंध निदेशक, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा की गई।बैठक में दरभंगा के जिलाधिकारी   कौशल कुमार (भा.प्र.से) भी मौजूद रहे।
बैठक में उपभोक्ता सेवा को प्राथमिकता, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, विद्युत आपूर्ति बाधित होने के पश्चात फीडर एवं वितरण ट्रांसफॉर्मर की त्वरित पुनर्स्थापना,  ट्रांसफार्मर हेल्थ चेकअप, उपभोक्ता शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, राजस्व संग्रहण, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, परियोजना कार्य, नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का निर्माण तथा नए विद्युत सेवा कनेक्शन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक ने सभी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फीडर एवं वितरण ट्रांसफॉर्मर में खराबी की स्थिति में विद्युत आपूर्ति की पुनर्स्थापना में लगने वाले समय को न्यूनतम रखा जाए तथा इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उपभोक्ता शिकायतों के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समुचित एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं से दूरभाष पर शिष्टतापूर्वक एवं प्रभावी संवाद सुनिश्चित किया जाए। किसी भी उपभोक्ता की शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। आवश्यकतानुसार विद्युत विपत्र में सुधार का कार्य भी समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में राजस्व संग्रहण के समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में राज्य अतिरिक्त अनुदान से संबंधित विषयों को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को इसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
परियोजना कार्यों एवं नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण की समीक्षा के दौरान सभी संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। परियोजना कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थल स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
नए विद्युत सेवा कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कनेक्शन कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों द्वारा एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया ।
 

क्षेत्र भ्रमण के दौरान नवनिर्मित रामनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण 

बैठक के उपरांत प्रबंध निदेशक   राहुल कुमार (भा. प्र.से.) द्वारा क्षेत्र भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित रामनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष बचे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को दिया।
इसके उपरांत प्रबंध निदेशक द्वारा देकुली में पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत कुटीर ज्योति उपभोक्ता के परिसर में निःशुल्क लगाए जा रहे सोलर प्लांट का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि विद्युत क्षेत्र से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं का लाभ आम उपभोक्ताओं तक समय पर पहुंचाना तथा उन्हें बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
 समीक्षा बैठक के दौरान   आई.सी. यादव, निदेशक (परियोजना);  जयजीत रे , महाप्रबंधक (राजस्व);   बिनोद कुमार, मुख्य अभियंता (संचालन एवं संपोषण);   अजय कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता, दरभंगा सहित सभी संबंधित विद्युत कार्यपालक अभियंता, वरीय प्रबंधक राजस्व, सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, सूचना प्रौद्योगिकी टीम तथा संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *