गरीबों, वंचितों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना निशांत कुमार का लक्ष्य: जद (यू)

पटना, : जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री  निशांत कुमार द्वारा पटना के दरियापुर भट्ठी में शहर के सबसे बड़े और आधुनिक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करना केवल एक नई स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की बिहार सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। उनकी यह पहल सराहनीय है और इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
दरियापुर भट्ठी, सब्जीबाग और आसपास का क्षेत्र अत्यधिक सघन आबादी वाला इलाका है, जहां बड़ी संख्या में गरीब, अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ा समुदाय के लोग रहते हैं। लंबे समय से इस क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए यहां अत्याधुनिक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना सुनिश्चित की।
इस स्वास्थ्य केंद्र में मात्र दो रुपये के पंजीकरण शुल्क पर मरीज क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर डॉक्टरी सलाह प्राप्त कर सकेंगे। यहां 42 प्रकार की जांच पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगी तथा आवश्यकता के अनुसार लगभग 150 प्रकार की दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी। यह व्यवस्था दर्शाती है कि निशांत कुमार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।
यह स्वास्थ्य केंद्र बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 37, 39, 40 और 42 के हजारों नागरिकों को सीधे लाभान्वित करेगा। इससे गरीब परिवारों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।
दरियापुर का यह इलाका केवल अपनी घनी आबादी के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक पहचान के लिए भी जाना जाता है। इसी क्षेत्र में प्रतिष्ठित पटना कॉलेजिएट स्कूल भी स्थित है। ऐसे महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाले इलाके में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना यह प्रमाणित करती है कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार विकास की योजनाओं में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
स्वास्थ्य मंत्री  निशांत कुमार का यह कदम उनके दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील सोच और गरीबों के प्रति समर्पण का परिचायक है। बिहार सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक सरल, सस्ती और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। दरियापुर भट्ठी का यह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसी संकल्प का सशक्त प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *