पटना, :बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए बिहार विधान सभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति तथा कृषि उद्योग विकास समिति का गठन कर दिया है । सदस्य तारकिशोर प्रसाद ( क्षेत्र संख्या– 63, कटिहार) एवं सदस्य मिथुन कुमार ( क्षेत्र संख्या– 158, नाथनगर ) क्रमशः इन समितियों के सभापति बनाये गए हैं। साथ ही, अध्यक्ष ने सदस्य मंगल पांडे ( क्षेत्र संख्या– 105, सिवान) एवं कृष्ण कुमार मंटू ( क्षेत्र संख्या– 120, अमनौर ) क्रमशः प्राक्कलन एवं आचार समिति का सभापति मनोनीत किया है। अध्यक्ष ने माननीय सदस्य मंगल पांडे ( क्षेत्र संख्या– 105, सिवान) को प्राक्कलन समिति एवं माननीय सदस्य तारकिशोर प्रसाद ( क्षेत्र संख्या– 63, कटिहार) को नवगठित आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति तथा सदस्य कृष्ण कुमार मंटू ( क्षेत्र संख्या– 120, अमनौर ) को आचार समिति एवं सदस्य मिथुन कुमार ( क्षेत्र संख्या– 158, नाथनगर ) को नवगठित कृषि उद्योग विकास समिति के सभापति के रूप में आगामी कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में समितियों की भूमिका काफी अहम होती है। प्राक्कलन समिति ऐसे प्राक्कलनों, जो उसे सदन द्वारा सौंपे जाते हैं या जो समुचित प्रतीत हों, की जांच कर प्रशासन में कार्यदक्षता एवं मितव्ययिता को प्रोत्साहित करती है। आचार समिति माननीय सदस्यों के आचरण संबंधी मामलों की जांच करती है। यह समिति यह सुनिश्चित करती है कि सदस्यों के आचरण नैतिक और सदाचार से प्रेरित हों। आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति राज्य के राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य की समीक्षा करती है एवं राजस्व में वृद्धि पर सरकार को अनुशंसा करती है। यह समिति केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्रीय एवं राज्य के अंशदान की उपलब्धता की समीक्षा भी करती है। कृषि उद्योग विकास समिति कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए अध्ययन कर सरकार को अनुशंसा करती है। सरकार को जनता के प्रति उत्तरदायी बनाने में इन समितियों की अहम भूमिका है।