उद्यमियों को व्यवसाय स्थापित करने में ना हो परेशानी: उद्योग मंत्री

पटना :उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में उद्यमियों को व्यवसाय स्थापित करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए औद्योगिक पार्कों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए, ताकि उत्पादन गतिविधियों के संचालन में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने औद्योगिक पार्क के सुव्यवस्थित विकास तथा सुविधाओं के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। मंत्री सुश्री सिंह सोमवार को बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेशकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक क्षेत्रों का सुचारु संचालन के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर स्थित मेगा लेदर, फुटवियर एवं एसेसरीज पार्क, महवल के निरीक्षण में बोल रही थीं। उन्होंने पार्क में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा औद्योगिक गतिविधियों के प्रभावी संचालन और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।मंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देना और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। औद्योगिक पार्कों में सड़क, बिजली और जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता उद्यमियों का विश्वास मजबूत करती है। हमारा प्रयास है कि उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें, जिससे निवेश को प्रोत्साहन मिले, उत्पादन गतिविधियों का विस्तार हो और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र, कुमारबाग फेज 1, फेज -2 और फेज -3 का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों को आ रही समस्याओं से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। प्रबंध निदेशक ने सड़क और जलजमाव से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द समाधान करने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना द्वारा संचालित औद्योगिक इकाइयों जैसे सर्व एंटरप्राइजेज, कुमार टेक्सटाइल के उद्यमियों से भी बातचीत कर समस्याओं को सुना और अधिकारियों को जल्द हल करने का निर्देश दिया।प्रबंध निदेशक श्री कुमार ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना बियाडा की प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान विभाग के निदेशक  मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *