पटना : राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ एवं पेट्रोल – डीजल की खपत को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को बिहार विधान मंडल सचिवालय बस सेवा का शुभारंभ किया गया। सचिवालय बस सेवा के विस्तार के अंतर्गत प्रारंभ की गई इस नई सेवा का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार द्वारा बसों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, प्रशासन मुख्य सुभाष नारायण इत्यादि उपस्थित थे। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा संकट को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने तथा सार्वजनिक वाहनों के अधिकाधिक उपयोग के आह्वान के अनुरूप यह पहल की गई है। इस सेवा के तहत बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन हेतुु पिंक एवं ग्रीन बस का परिचालन आज से शुरु किया गया है।उम्मीद है कि इस व्यवस्था से सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाभ मिलेगा एवं अपनी ओर से ऊर्जा के उपयोग को कम करते हुए बिहार एवं राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में बहुमूल्य योगदान देंगे। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पूर्व से सचिवालय बस सेवा के तहत 25 बसों का सफलतापूर्वक परिचालन किया जा रहा है। इन बस सेवाओं का विस्तार करते हुए पांच अतिरिक्त बस को जोड़ते हुए अब बिहार विधान मंडल सचिवालय बस सेवा की शुरुआत की गई है, जिससे विधान मंडल सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम यात्रियों को और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए पिंक, इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी बसों का परिचालन प्रारंभ किया गया है। नई बस सेवा के अंतर्गत निम्नलिखित मार्गों पर प्रतिदिन बसों का परिचालन किया जायेगा