श्री कृष्ण चेतना समिति आगामी 10 नवंबर को भव्य गोवर्धन पूजा समारोह का आयोजन करेगी

पटना:श्री कृष्ण चेतना समिति, बिहार प्रदेश द्वारा भव्य गोवर्धन पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को इस्कॉन मंदिर, पटना के सभागार में आयोजित होगा। समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा मात्र एक पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला की स्मृति है, जिसमें उन्होंने अपनी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों, गायों और समस्त जीव-जंतुओं को इंद्र के प्रकोप से रक्षा प्रदान की। यह पर्व हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और ईश्वर की शरण में रहने वाला व्यक्ति भय एवं चिंता से मुक्त रहता है। उन्होंने आगे कहा कि गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का विशेष महत्व यह है कि इसमें प्रकृति, गोवंश और अन्न के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत, भूमि, गोवंश और प्राकृतिक संसाधनों की पूजा करने का संदेश दिया। यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि ईश्वर भक्तों की रक्षा करते हैं और सच्ची श्रद्धा ही सबसे बड़ा आश्रय है। अन्नकूट के रूप में विविध व्यंजन अर्पित कर हम अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं तथा सामुदायिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देते हैं।
श्री कृष्ण चेतना समिति, बिहार प्रदेश पिछले तीन दशकों से श्रीकृष्ण भक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रचार-प्रसार में संलग्न है। समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर परिवार सहित पधारें, गोवर्धन पूजा में सम्मिलित हों ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *