पटना :आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित अभियान-40 (IAS) ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संस्था के 40 अभ्यर्थियों के चयन पर रविवार को पटना के छज्जूबाग स्थित बीआईए हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का संदेश दिया गया।समारोह में यूपीएससी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डी.पी. अग्रवाल, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आर.बी. सिंह,पूर्व सदस्य, BPSC,प्रो डी•एन•शर्मा,पूर्व अध्यक्ष,BPSC रजीया मैडम बिहार के एडीजी पारस नाथ(आईपीएस), अपर आयुक्त आर.के. मधुकर(आई.आर.एस),अपर आयुक्त आशुतोष कुमार शर्मा(आईआरएस)तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह(आई.ए.एस)सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।संस्था के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष बिलास कुमार ने कहा कि अभियान-40 का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि ऐसे ईमानदार, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित प्रशासनिक अधिकारी तैयार करना है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को यदि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे भी देश की सर्वोच्च सेवाओं तक पहुंच सकते हैं।उन्होंने बताया कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा में अभियान-40 के कुल 40 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें पटना केंद्र के 26 और दिल्ली केंद्र के 14 विद्यार्थी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों का चयन एसडीएम, डीएसपी, सब रजिस्ट्रार, आरडीओ, राजस्व पदाधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक समेत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर हुआ है।संस्था के अनुसार प्रियम्वद केशकंबली ने डीएसपी पद पर 99वीं रैंक, सौम्या सक्सेना ने सब रजिस्ट्रार पद पर 96वीं रैंक, प्रीति कुमारी ने एसडीएम पद पर 102वीं रैंक, अश्विनी कुमार ने एसडीएम पद पर 128वीं रैंक, अमित कुमार ने डीएसपी पद पर 158वीं रैंक, रुचि बानी ने एसडीएम पद पर 260वीं रैंक, अर्चना कुमारी ने आरडीओ पद पर 340वीं रैंक तथा मेघा भारती ने एसडीएम पद पर 501वीं रैंक प्राप्त की।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक प्रतिष्ठित नौकरी नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।बिलास कुमार ने बताया कि गौतम बुद्ध ग्रामीण विकास फाउंडेशन (GBRDF) वर्ष 2012 से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि, मानवाधिकार संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। इसी संस्था के तहत संचालित अभियान-40 (IAS) के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराई जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संस्था के अनेक विद्यार्थी यूपीएससी, बीपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विभिन्न सरकारी सेवाओं में योगदान दे रहे हैं।