पटना : राज्य के विभिन्न शहरों में संचालित कुल 100 पिंक बसों के लिए एकबार फिर महिला चालकों का चयन होने जा रहा है। बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर से महिला चालकों के दूसरे चरण का रजिस्ट्रेशन और प्रशिक्षण जल्द शुरू होने वाला है। निगम आने वाले दिनों में इसका विज्ञापन जारी करेगा। चयनित उम्मीदवारों को औरंगाबाद स्थिति आईडीटीआर में 30 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल ड्राइविंग का अभ्यास शामिल होगा।विदित हो कि पहले चरण में 12 महिला चालकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और वे पटना की सड़कों पर बस चलाने का अभ्यास कर रही हैं। अब दूसरे चरण में और अधिक इच्छुक महिलाओं को शामिल करने की तैयारी चल रही है।पिंक बस चालक बनने के लिए महिला की आयु 21 से 40 वर्ष और वैध एलएमवी ड्राइविंग लाइसेंस लाइसेंस धारक होनी चाहिए। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को संविदा आधार पर चालक के रूप में नियुक्ति मिलेगी।