पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के प्रदेश सह-संयोजक अमृतेष कुमार गुप्ता ने इसे देश के लिए विश्वास, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। अमृतेष कुमार गुप्ता ने कहा कि गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और हर घर जल योजना जैसी पहलें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में सफल रही हैं। सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को साकार करना रहा है।अमृतेष कुमार गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और अधिक गति से आगे बढ़ेगा तथा आने वाले वर्षों में नई उपलब्धियों और ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।