राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियो को लेकर उपायुक्त  ने लिया मेला क्षेत्र का जायजा, अधिकारियों को दिया निर्देश

दुमका, (संवाददाता) :राजकीय श्रावणी मेला बासुकीनाथ धाम-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रूट लाइन, संस्कार मंडप, शिवगंगा, तारा मंदिर, बेदीया, दर्शनिया टीकर, नंदी चौक, नागनाथ चौक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने मेला से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही बाइक एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा एवं आपातकालीन सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में प्रतिनियुक्त होने वाले दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को सभी आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी सहज एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ने मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को टेंट सिटी, स्वास्थ्य शिविर, रूट लाइन, सहायता केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा उपायुक्त ने खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के बिछड़ने की स्थिति में उन्हें त्वरित एवं सुगम तरीके से मिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने का भी निर्देश दिया।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुचारू व्यवस्था का लाभ मिल सके।उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि संपूर्ण मेला अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई, कचरा निष्पादन तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने टेंट निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश भी दिया।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र एवं रूट लाइन में लगे सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूर्णतः सुरक्षित एवं दुरुस्त रहनी चाहिए।इस दौरान सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *