पटना :बिहार सरकार के खान-भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस घटना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके परिवार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
डॉ. चन्द्रवंशी ने कहा कि राबड़ी देवी अपने आवास को लेकर जानबूझकर अपने समर्थकों को उकसाने का काम कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा, “बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अपराधियों के हौसले पस्त किए जा रहे हैं, लेकिन राबड़ी देवी की घृणा की राजनीति कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पेश करने की कोशिश कर रहीं हैं।”
मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि राबड़ी देवी एवं उनका परिवार और उनके समर्थक अनुशासन को लगातार तोड़ते हुए कानून-व्यवस्था से सीधे भिड़ने पर आमादा हैं। डॉ. चन्द्रवंशी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार सरकार इस तरह की किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे तत्वों को कानून की भाषा में कठोर जवाब दिया जाएगा।
इसके साथ ही मंत्री ने विधान परिषद चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव अति पिछड़ा समाज की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। डॉ. चन्द्रवंशी ने कहा, “जिस अति पिछड़ा समाज ने लालू-राबड़ी को 15 वर्षों तक बिहार की सत्ता सौंपी, आज वही इन्हें किनारे करने पर मजबूर किए जा रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि अति पिछड़ा समाज अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है और एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा है। एनडीए ने इस विधान परिषद चुनाव में अति पिछड़ा समाज से 5 लोगों को अपना उम्मीदवार बनाकर अति पिछड़ा समाज के प्रति अपना नजरिया स्पष्ट कर दिया है।