महुआ, वैशाली: महुआ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर मानिकपुर पंचायत के मोहनपुर गांव निवासी सेना के जवान सोनू कुमार जी का इलाज के दौरान असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उनके निधन की सूचना पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के माननीय मंत्री संजय सिंह जी ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
मंत्री संजय सिंह जी ने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और इस कठिन समय में उनके दुःख में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सोनू कुमार जी का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि एक जवान का देश के प्रति समर्पण और त्याग पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। शहीद सोनू कुमार जी की वीरता और देशसेवा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
मंत्री ने शोकाकुल परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे, सरकार और समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
शहीद सोनू कुमार जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उनके नाम पर शहीद स्मृति द्वार (गेट) के निर्माण की पहल भी की जाएगी, ताकि उनकी देशसेवा और सर्वोच्च त्याग की स्मृति सदैव जीवित रहे।
मंत्री संजय सिंह जी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति और संबल प्रदान करें।”