पटना: शिक्षकों के सेवा संबंधी मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप में समस्तीपुर के सरायरंजन की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सोमवार को समस्तीपुर प्रवास के दौरान मामला संज्ञान में आते ही शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। देर शाम प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबित बीईओ पर शिक्षकों के विभिन्न प्रकार के अवकाश एवं सेवा संबंधी आवेदनों को समय पर जिला कार्यालय भेजने में लापरवाही बरतने, वेतन से जुड़े मामलों को समय पर अग्रसारित नहीं करने तथा प्रखंड के कई शिक्षकों का वेतन निर्धारण नहीं करने के आरोप हैं। इसके अलावा, कार्यालय के कर्मियों के बीच कार्यों का उचित बंटवारा नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान निर्मला कुमारी का मुख्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है।