“द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव का भारत” का भव्य रिलीज कार्यक्रम 29 मई 2026 को

पटना   : सम्राट अशोक विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय लोक चेतना पार्टी के राष्ट्रीय सचिव-सह-मीडिया प्रभारी राजेश कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा, पिछड़ों-दलितों-शोषितों की आवाज तथा “भारत लेनिन” के नाम से प्रसिद्ध अमर शहीद जगदेव प्रसाद जी के जीवन संघर्ष पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म “द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव का भारत” का भव्य रिलीज कार्यक्रम दिनांक 29 मई 2026 को पटना स्थित मोना सिनेमा हॉल में आयोजित किया जाएगा।उन्होंने जानकारी दी कि इस फिल्म का शुभारंभ एवं रिलीज बिहार के महामहिम राज्यपाल सैयद अता हसनैन द्वारा किया जाएगा। इससे पूर्व दिनांक 12 मई 2026 को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जा चुका है, जिसे समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक समर्थन और सराहना प्राप्त हुई है।राजेश कुशवाहा ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, समानता, न्याय और संघर्ष की प्रेरणादायक गाथा है। अमर शहीद जगदेव बाबू ने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।उन्होंने सभी देशवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक फिल्म को अवश्य देखें, ताकि नई पीढ़ी अमर शहीद जगदेव बाबू के संघर्ष, विचारधारा और सामाजिक योगदान से परिचित हो सके।साथ ही राजेश कुशवाहा ने भारत सरकार एवं बिहार सरकार से मांग की कि समाजिक जागरूकता एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इस फिल्म को टैक्स फ्री घोषित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें और महान समाजवादी चिंतक एवं जननायक जगदेव बाबू के विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *