सम्राट सरकार में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं : सत्येन्द्र राय 

पटना,  :  बिहार प्रदेश भाजपा  कोशी मंडल के क्षेत्रीय सह-प्रभारी सत्येन्द्र राय ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचारियों एवं अपराधियों के विरुद्ध की जा रही निरंतर और सख्त कार्रवाई पर अपनी गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा एनडीए सरकार बिहार में ‘कानून का राज’ और वास्तविक सुशासन स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रेस को जारी एक विस्तृत बयान में श्री सत्येन्द्र राय ने कहा कि बिहार की जनता ने जिस सुशासन और शांति की उम्मीद में एनडीए को सत्ता सौंपी थी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार उस पर पूरी तरह खरी उतर रही है। प्रदेश में अब भ्रष्टाचार एवं अपराध करने वालों की खैर नहीं है। चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, अगर उसने जनता की गाढ़ी कमाई लूटी है या कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश की है, तो उसे सलाखों के पीछे जाना ही होगा। श्री सत्येंद्र राय ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सरकार ने प्रशासनिक महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, हर स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। हाल के दिनों में भ्रष्ट अधिकारियों और माफियाओं के खिलाफ जो त्वरित और बड़ी कार्रवाइयां हुई हैं, उसने यह साफ कर दिया है कि बिहार में अब बिचौलियों और लुटेरों के दिन खत्म हो चुके हैं। सत्येन्द्र राय ने कोशी क्षेत्र समेत पूरे बिहार की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस और जांच एजेंसियों को पूरी छूट दी गई है।  श्री राय ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुदृढ़ नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। एनडीए सरकार का एकमात्र संकल्प ‘विकसित बिहार’ का निर्माण करना है, और इस मार्ग में रोड़ा अटकाने वाले हर जनविरोधी तत्व को कड़ाई से कुचल दिया जाएगा। बिहार की जनता इस कड़े और पारदर्शी शासन के लिए मुख्यमंत्री और पूरी सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *